अमित सूद। जोगिंद्रनगर
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी माउंट मोरया इंटरनेशनल स्कूल जोगिंद्रनगर की दसवीं कक्षा का सीबीएसई का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा। 93.2 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली छात्रा मिताली ने बताया कि वह बारहवीं कक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कर आईआईटी देहली में प्रवेश पाना चाहती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने अध्यापकों व माता-पिता को दिया है।
स्कूल के निदेशक मनोज ठाकुर ने कहा कि जहां एक ओर स्कूल की दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शतप्रतिशत रहा, वहीं दूसरी ओर 10वीं एवं 12वीं कक्षा के अधिकतर छात्र 75 प्रतिशत अंक लेकर परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के इस शानदार परीक्षा परिणाम का श्रेय बच्चों की कड़ी मेहनत, उनके अभिभावकों व स्कूल के अध्यापकों को जाता है।
उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का ज्ञान भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने 10वीं के सभी छात्र-छात्राओं को उनके बेहतरीन परीक्षा परिणाम के लिए बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








