मुख्तार अब्बास नकवी ने दिया इस्तीफा
- प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद दिया त्याग पत्र
हिमाचल दस्तक
मोदी सरकार के कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा के बाद उन्होंने अपना त्याग पत्र दिया। वह अल्पसंख्यक मामलों का विभाग संभाल रहे थे। अपनी आखिरी कैबिनेट के दौरान पीएम मोदी ने भी नकवी के योगदान की तारीफ की।
वहीं स्टील मंत्री आरसीपी सिंह के लिए बुधवार की कैबिनेट आखिरी थी। बैठक में पीएम मोदी ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को विदाई देते हुए कहा कि दोनों ने मंत्री रहते हुए देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन दोनों ही मंत्रियों का राज्यसभा कार्यकाल 7 जुलाई को समाप्त हो रहा है। मुख्तार राज्यसभा के सदस्य थे। उनका कार्यकाल गुरुवार को खत्म होने जा रहा है।
वहीं, नकवी को इस बार बीजेपी ने राज्यसभा नहीं भेजा है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेवारी दे सकती है। दोनों नेता फिलहाल 6 जुलाई के बाद किसी भी सदन के सदस्य नहीं होंगे। लेकिन बिना सांसद रहे भी 6 महीने तक मंत्री रह सकते हैं।
अब उपराष्ट्रपति या राज्यपाल बनने की चर्चा
फिलहाल दोनों के भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही है। नकवी का नाम उप-राष्ट्रपति से लेकर अन्य राज्यों के राज्यपाल के लिए चर्चा में हैं। फिलहाल अभी यह सब चर्चा ही है। वहीं राज्यसभा में भी राष्ट्रपति की 7 सीटें खाली है। राष्ट्रपति व उप-राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो चुका है। संभावना है कि एनडीए जल्द ही उप-राष्ट्रपति के नाम का ऐलान करेगी।