नरेश राणा। गगल
पुलिस थाना गगल के अंतर्गत केटलू गांव में एक हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार केटलू गांव में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई गोली मार दी, जिससे उसकी मौके मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई है। जानकारी के अनुसार रूमी कुमार तथा पवन कुमार का आपस में संपत्ति तथा उनके पिता की लाइसेंसशुदा बंदूक को लेकर अकसर झगड़ा होता रहता था।
रूमी कुमार तथा पवन कुमार के पिता पालाराम अपनी लाइसेंसशुदा बंदूक रूमी कुमार के नाम कर गए थे, लेकिन पवन कुमार उस पर अपना हक जताता था। इसी कारण इन दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात को भी इन दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा हुआ और पवन कुमार चुपके से बंदूक घर से ले गया। जब उसका बड़ा भाई रूमी कुमार तथा उसकी भाभी पुष्पा देवी घर के आंगन में बैठे थे तब उसने अपने बड़े भाई पर गोली चला दी।
इसके साथ ही बंदूक से निकले छर्रों से उसकी भाभी पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अवस्था में दोनों को टांडा अस्पताल ले जाया गया, जहां रूमी कुमार की मौत हो गई तथा पुष्पा देवी का उपचार चल रहा है।
डीएसपी सुनील राणा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हत्या आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा उसका मेडिकल करवाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम अभी करवाया जा रहा है। गगल पुलिस थाना प्रभारी मेहर दीन को इस मामले की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।