नादौन । नादौन पुलिस ने चिट्टे के एक मामले में 2 युवतियों सहित कुल 5 युवाओं को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नशे के इस काले कारोबार में अब युवतियां भी बड़ी संख्या में संलिप्त हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को थाना नादौन पुलिस की टीम तरेटी गांव में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हाई स्कूल तरेटी के पास 5 युवा संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनके पास जाकर पूछताछ की, तो वे कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। पुलिस ने मौके पर खड़ी उनकी गाड़ी (एचपी 12एच-3004) की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 2 पारदर्शी पन्नियों में चिट्टा बरामद हुआ।

जिसकी कुल मात्रा 1.40 ग्राम पाई गई। तलाशी में पुलिस को एक काले रंग का पर्स मिला, जिसमें पहचान दस्तावेजों और नकदी के साथ-साथ जले हुए नोट भी बरामद हुए। पुलिस ने नियमानुसार पूरी सामग्री और नशे को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।
पंजाब और हिमाचल से हैं पकड़े गए आरोपी
थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पकड़े गए आरोपी पंजाब और हिमाचल के विभिन्न इलाकों से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ थाना नादौन में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान कुशल कुमार निवासी भूंपल (नादौन), अंकित निवासी जलाड़ी, पंकज कौंडल निवासी भड़ोली (कांगड़ा), अमरजोत निवासी होशियारपुर (पंजाब) और तमन्ना निवासी जालंधर (पंजाब) के रूप में की गई है।
नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा : डीएसपी
डीएसपी नादौन गौरवजीत सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








