रविंद्र चंदेल/हैप्पी जामरा। नादौन
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि एवं पशुपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने उपमंडल नादौन की भदरोल पंचायत के स्वयं सहायता समूह द्वारा कोरोनाकाल में किए गए कार्यों की सराहना की है।
गौर हो कि स्वयं सहायता समूह ने पंचायत प्रधान एवं महिला समिति की अध्यक्ष अनीता ठाकुर के नेतृत्व में लॉकडाउन के दौरान कई जरूरतमंदों को मास्क तैयार कर बांटे। समूह ने कपड़े के बैग आदि भी तैयार कर मिसाल कायम की है।
जब वीरेंद्र कंवर भदरोल गए तो उन्होंने इस स्वयं सहायता समूह की सराहना करते हुए इसके सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने भदरोल में आयोजित जनसभा के दौरान अन्य महिलाओं से भी आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के लिए सरकार ने अनेकों योजनाएं शुरू की हैं, उनका लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डेयरी फार्मिंग में स्वयं सहायता समूहों को अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने के काफी स्कोप हैं। सरकार 30 प्रतिशत तक सबसिडी दे रही है।
इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने वीरेंद्र कंवर को टोपी, शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। भगत सिंह युवा क्लब भलूं ने प्रधान हरदेव सिंह, उप प्रधान रज्जू धीमान, सचिव प्रिंस जामरा आदि ने भी वीरेंद्र कंवर का भदरोल में पहुुंचने पर स्वागत किया।