नादौन। नादौन शहर के निकट गगाल गांव से नए ब्यास पुल तक फोरलेन पर दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। गत एक सप्ताह से इस मार्ग पर लगभग प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं। बुधवार शाम गगाल गांव में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से केंद्रीय विद्यालय नादौन का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल नादौन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर अवस्था में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार भरमोटी पंचायत के रक्कड़ गांव निवासी अनिल कुमार केंद्रीय विद्यालय नादौन में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को विद्यालय से छुट्टी के बाद वह अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह हमीरपुर मार्ग पर गगाल गांव के पास नादौन कॉलेज की ओर मुड़े, उसी दौरान हमीरपुर से नादौन की ओर आ रही पंजाब नंबर की एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार की एक टांग में गंभीर चोट आई है। हालांकि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी जान बच गई।
दुर्घटना में शामिल कार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है तथा चालक की पहचान भी हो चुकी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।-नरेश कुमार, एसआई, यातायात प्रभारी।








