सोमवार देर रात बाइक पर सवार मामा-भांजा को तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने मारी टक्कर
नगरोटा बगवां । नगरोटा बगवां-मस्सल मार्ग पर निजी स्कूल के समीप सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार 12 वर्षीय भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार मस्सल निवासी करीब 40 वर्षीय सतीश अपने भांजे के साथ बाइक पर नगरोटा से मस्सल की ओर जा रहा थे, इस दौरान निजी स्कूल के पास तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत वहां मौजूद स्थानिय लोगों ने सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा अस्पताल रैफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिविल अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से मांग की कि जिस दोपहिया वाहन से टक्कर हुई है, उसके चालक को तुरंत गिरफ्तार कर उसका मैडीकल परीक्षण करवाया जाए। जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजने की बात कही तो ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि जब तक दूसरे वाहन चालक को सामने नहीं लाया जाता और उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक शव अस्पताल से नहीं ले जाने दिया जाएगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर आरएस बाली पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने पर विधायक एवं हिमाचल पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली भी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा पुलिस अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।








