चंद्र ठाकुर। नाहन
उपमंडल राजगढ़-दाहन मार्ग पर दून गांव के समीप वाहन दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार रात्रि राजगढ़-दाहन मार्ग पर हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार राजगढ़ क वार्ड नंबर 5 निवासी अभिनंदन हाब्बी (41) शनिवार देर रात्रि दाहन मार्ग पर बने एक होटल में आयोजित पार्टी के बाद कार (एचपी 16बी-2244) से घर आ रहे थे। दून के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे पैरवी खड्ड में जा गिरी। इस दौरान अभिनंदन हाब्बी गंभीर रूप से घायल हो गया।
वह कार से निकलकर साथ लगते खेतों तक पहुंच गया था, मगर रात के समय कोई सहायता न मिलने से उसकी मौत हो गई। हादसे का पता रविवार सुबह चला जब गांव के सोनी ठाकुर घूमने के लिए जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर जाते ही पैरवी खड्ड में एक क्षतिग्रस्त कार दिखाई दी। इसके बाद वह घटनास्थल पर गए। वहां से कुछ दूरी पर खेतों में अभिनंदन का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे लिया। राजगढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उधर, मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से एसडीएम नरेश वर्मा ने 15 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। अभिनंदन हाब्बी अपने पीछे पत्नी और 2 बच्चे छोड़ गए हैं।
बता दें कि अभिनंदन हाब्बी ने हाल ही में नगर पंचायत राजगढ़ का चुनाव बतौर भाजपा समर्थित प्रत्याशी लड़ा था। उनकी इस मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।
सांसद सुरेश कश्यप और विधायक रीना कश्यप सहित अन्य भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।