चंद्र ठाकुर। नाहन
डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में बीमारी से ग्रस्त 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। महिला में कोरोना की भी पुष्टि हुई है। महिला ने वीरवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ा। इसके बाद महिला का शव अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया, जहां पूरे प्रोटोकोल के साथ शुक्रवार सुबह उसका अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के किशनपुरा की रहने वाली बुजुर्ग महिला डायबिटीज व हाइपरटेंशन जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थी। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब से उसे एक सितंबर को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था। 3 सितंबर की रात को उसकी अचानक तबीयत काफी बिगड़ गई और महिला ने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया।
महिला कोरोना संक्रमित भी थी। सिरमौर जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला डायबिटीज व हाइपरटेंशन जैसी बीमारी से ग्रसित थी। उसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। आज सुबह उसका पूरे नियमों के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया।