चंद्र ठाकुर। नाहन
महाशिवरात्रि पर्व सिरमौर जिले में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जिले के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और भगवान भोले नाथ के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई थी।
लोगों ने भगवान भोले को दूध चढ़ाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं मंदिरों के पास विभिन्न धार्मिक संगठनों द्वारा घोटा, पकौड़े का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया गया।
जिला मुख्यालय नाहन के रानीताल स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें भगवान भोले नाथ के दर्शनार्थ लगी रहीं। यहां पर कमेटी द्वारा भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
श्रद्धालुओं ने बिल्वपत्र, दूध, बेर आदि का भोग भगवान शिव को लगाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। रानीताल मंदिर के साथ श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के भजनों पर जमकर थिरके।
इस दौरान श्रद्धाुलओं ने पकौड़े, चौलाई की खीर व घोटे का प्रसाद ग्रहण किया। जिला मुख्यालय नाहन के रानीताल, कालीस्थान मंदिर के अलावा स्वर्ग की दूसरी पौड़ी कहे जाने वाले पौड़ीवाला, पातालेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही।