चंद्र ठाकुर। नाहन
सिरमौर भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाएगी। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन है। ऐसे में जिला भाजपा 14 से 20 सितंबर तक इसे सेवा सप्ताह के रूप में मनाएगी।
इसके लिए जिला भाजपा ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। यह बात जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा इस सप्ताह के दौरान सेवा कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान उपमंडल स्तर पर दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार के उपकरण प्रदान किए जाएंगे। जरूरतमंद लोगों को आवश्यकता अनुसार चश्मे प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा पांचों मंडलों के अस्पतालों में मरीजों को फल भी वितरित किए जाएंगे।
भाजपा युवा मोर्चा मंडल स्तर पर रक्तदान शिविरों का आयोजन करेगा। प्रत्येक मंडल में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव व शहरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और कृतत्व पर वेबिनार के माध्यम से वर्चुअल कान्फें्रस का आयोजन भी किया जाएगा।