हिमाचल दस्तक ब्यूरो। नाहन
आज पूरा विश्व यह देखकर हैरान है कि एक बड़ी आबादी वाले देश ने मात्र कुछ ही समय में 100 करोड़ के वैक्सीनेशन को पूरा कर लिया है। एक प्रेस वार्ता के माध्यम से स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सबलोक ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने एक असंभव कार्य को संभव बनाने का संकल्प लिया था। इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान अस्त्र को मैदान में उतार दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. राजीव बिंदल तथा राष्ट्रीय सचिव तरुण चुग के कुशल नेतृत्व में संकल्प को पूरा कर दिया गया है।
डॉक्टर सबलोक ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने वैश्विक महामारी के खिलाफ बड़ी चुनौती का बिगुल फूंका था, जिसके तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान का गठन कर मैदान में उतारा गया था। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश में 21000 स्वयंसेवकों की टीम का गठन का लक्ष्य रखा गया था।
यही नहीं इस पूरी टीम को बहुत ही सीमित समय में ट्रेनिंग भी दी जानी थी। डॉक्टर सबलोक ने कहा कि डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में इस लक्ष्य को भी पूरा किया गया। प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में आशा वर्कर तथा हेल्थ वर्कर के साथ मिलकर हमारे वॉलंटियर्स ने प्रदेश के टारगेट को भी पूरा किया।
उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में फर्स्ट डोज का 100 परसेंट लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। यही नहीं हमारे स्वयंसेवक लगातार इस कार्य को मानव सेवा धर्म मान कर आगे भी जारी रखेंगे। प्रदेश प्रभारी ने यह भी बताया कि प्रदेश में उपचुनाव के साथ-साथ मेले व त्यौहार का सीजन भी है। उन्होंने कहा कि हमारे ट्रेड वॉलंटियर्स यहां भी जागरूकता का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि तीसरी लहर की संभावना को लेकर के हम पूरी तरह से तैयार हैं। इसके साथ साथ उन्होंने लोगों से अपील भी करी है कि जब तक इस घातक वायरस से जंग जारी है तब तक सुरक्षा कवच को उतारना नहीं है। जिसके लिए मुंह पर मास्क और सोशल डिस्टेंस बरकरार बने रहने चाहिए। वार्ता में स्वयंसेवक अभियान के वालंटियर विभोर गौतम भी विशेष रूप से मौजूद रहे।