हिमाचल दस्तक ब्यूरो। पांवटा साहिब
पांवटा साहिब पांवटा प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता बेहद ही जिम्मेदारी भरा कार्य हो चुका है, जिससे किसी भी देश-प्रदेश की दिशा व दशा बदली जा सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी में पत्रकारिता की भी अग्नि परीक्षा है। आज वैश्विक कोरोना महामारी के बीच भी विषम हालात में सकारात्मक और तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता करना सबसे चुनौती भरा कार्य है।
राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस पर अध्यक्ष ने सभी पत्रकारों को चुनौती में जान की परवाह किए बिना बेहतर कार्य करने के लिए सभी सदस्यों को बधाई दी है। इस दौरान मुख्य सलाहकार नरेंद्र मोहन रमौल व भजन चौधरी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान तथ्यपरक खबरों से मीडिया पर जनता का विश्वास कायम है। आज भी लोग अखबारों में लिखी खबर पढ़ते हंै और उसे सत्य मानते हैं। अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया का नशाबंदी, स्वच्छता अभियान, विकास और सामाजिक उत्थान के बाद कोरोना की विशेष कवरेज में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान प्रकाश शर्मा व सुखविंद्र सिंह, सुरेश तोमर, अशोक बहुता, आदेश शर्मा, संजीव नागपाल, मोनीष मोहन, पंकज भटनागर, अश्वनी राय, गुरुदत्त चौहान आदि पत्रकारों ने भी फोन के माद्यम से अपने विचार रखे।







