National Sports Day – आज यानी 29 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) मनाया जा रहा है। बता दें कि विभिन्न देशों में राष्ट्रीय खेल टीमों और उन देशों की खेल परंपराओं का सम्मान करने के लिए राष्ट्रीय खेल दिवस (National Sports Day) मनाया जाता है।
भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद (Major Dhyanchand) की जयंती पर मनाया जाता है। आज भारत के लिए 1928, 1932 और 1936 में ओलंपिक में स्वर्ण पदक लाने वाले हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद सिंह की जयंती है। उन्होंने 1926 से 1949 तक अपने खेल करियर में करीब 570 गोल किए। ये अपने आप में एक बड़ी बात है।
इस दिन खेल के मूल्यों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य के अलावा अनुशासन, खिलाड़ी भावना, दृढ़ता, टीम वर्क और बड़े पैमाने पर खेलों को लेने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल है।
इसके अलावा स्पोर्ट्स डे (Sports Day) को मनाने का एक और बड़ा कारण है। वो ये है कि खिलाड़ी और युवा फिट और स्वस्थ होने के महत्व को समझाया जा सके। खेल के साथ फिटनेस और स्वास्थ्य को भी अपने जीवन का एक अभिन्न अंग बनाना है।
भारत सरकार ने फुटबॉल, खो-खो, रनिंग, टेनिस, बैडमिंटन, हॉकी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और टेबल टेनिस के अलावा कई अन्य फन एक्टिविटीज स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों से आयोजित कराने का आह्वान भी किया है।