आत्मा परियोजना के तहत सरकारी खरीद की तैयारी, हल्दी को भी मिला 9000 प्रति क्विंटल का भाव
बंगाणा। विकास खंड बंगाणा में प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी सामने आई है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के अंतर्गत अब प्राकृतिक विधि से तैयार गेहूं की सरकारी खरीद की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस पहल से किसानों को उनकी उपज का बाजार से कहीं बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि बंगाणा क्षेत्र के करीब 20 किसानों द्वारा तैयार किया गया लगभग 35 क्विंटल प्राकृतिक गेहूं सरकार को भेजा जाएगा। इस गेहूं का मूल्य करीब 8000 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, यानी किसानों को लगभग 80 रुपये प्रति किलो की दर से भुगतान मिलेगा। पारंपरिक खेती की तुलना में यह दाम काफी अधिक है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। सिर्फ गेहूं ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक खेती से तैयार हल्दी भी किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है।
5 किसानों ने करीब 6.40 क्विंटल हल्दी भेजी
5 किसानों ने करीब 6.40 क्विंटल हल्दी भेजी है, जिसका मूल्य 9000 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इससे स्पष्ट है कि प्राकृतिक खेती न केवल स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर है, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।
यह पहल किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार मूल्य मिलना इस बात का संकेत है कि किसानों की मेहनत अब रंग लाने लगी है। आने वाले समय में इस दिशा में और भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ाएं। इससे जहां एक ओर उनकी आय में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान मिलेगा।-रवि कुमार , तकनीकी खंड प्रबंधक, आत्मा परियोजना।








