ऊना । नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक त्रासदी के बाद जिला ऊना से तीन लोगों के लापता होने की सूचना ने चिंता बढ़ा दी है। मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर रत्न के बाद अब नंगड़ा गांव की नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा के भी लापता होने का मामला सामने आया है। तीनों के परिजन लगातार उनकी कुशलक्षेम की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।

मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी सुखविंदर रत्न के पिता हुसन लाल ने बताया कि उनके बेटे के संबंध में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। सुखविंदर की तलाश के लिए परिवार का सदस्य शुभम शनिवार रात करीब 12 बजे काठमांडू पहुंच चुका है। हालांकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण वह फिलहाल काठमांडू में ही रुका हुआ है और वहां से सुखविंदर के संबंध में जानकारी जुटा रहा है।
राहत टीमों को भी संबंधित क्षेत्र में भेजे जाने की बात कही जा रही है। सुखविंदर की सुरक्षित वापसी के लिए मैहतपुर क्षेत्र में भी लोग प्रार्थना कर रहे हैं। नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष एवं पार्षद अंजू देवी ने बताया कि सुखविंदर की कुशलक्षेम के लिए श्री गुरु रविदास मंदिर में अरदास की जाएगी। क्षेत्र के लोग भी परिवार के साथ खड़े हैं।
वहीं, नंगड़ा निवासी नीलम शर्मा और उनके पति रमेश शर्मा भी पिछले छह दिनों से लापता बताए जा रहे हैं। दोनों से आखिरी बार 26 अगस्त की सुबह संपर्क हुआ था। बताया जा रहा है कि दंपति कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए निकला था और नेपाल में पशुपतिनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद आगे की यात्रा पर रवाना हुआ था। इसके बाद से दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है। नीलम शर्मा नंगड़ा गांव के वार्ड नंबर दो की रहने वाली हैं, जबकि उनके पति रमेश शर्मा मूल रूप से पालमपुर के बैड़ निवासी हैं और अमेरिका के नागरिक हैं। बताया गया है कि रमेश शर्मा पिछले करीब 20 वर्षों से अपने बच्चों के साथ अमेरिका में रह रहे हैं। नंगड़ा पंचायत के उपप्रधान पंकज कुमार ने भी नीलम शर्मा के लापता होने की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजन उनकी तलाश को लेकर चिंतित हैं। नेपाल में जारी राहत एवं बचाव प्रयासों के बीच अब ऊना के इन परिवारों को अपनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।








