ललित ठाकुर। पधर
नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन खंड पधर की बैठक अध्यक्ष सतीश भाटिया की अध्यक्षता में सामाजिक दूरी को मद्देनजर रखते हुए की गई। कोरोना वायरस के चलते बैठक काफी समय से नहीं हुई थी, क्योंकि सभी कर्मचारी कोरोना की वजह से इकट्ठे नहीं हो पा रहे थे।
बैठक में सभी कर्मचारियों द्वारा सरकार से मांग की गई कि केंद्र की तर्ज पर हिमाचल में भी 2009 की अधिसूचना को लागू किया जाए, जिससे कर्मचारी की सेवाकाल में मृत्यु के दौरान उसके परिवार को पुरानी पेंशन का लाभ मिल सके। सरकार द्वारा कर्मचारियों की मृत्यु पर कोई भी अनुदान उसके परिवार को नहीं दिया जाता है। कर्मचारियों के सहयोग से चंदा इकट्ठा करके अब तक मृतक कर्मचारी के परिवार को दिया जाता रहा है।
अब राज्य कार्यकारिणी द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसमें कर्मचारियों को जिसने एसोसिएशन में सदस्यता ग्रहण की है, समूह जीवन बीमा के अंतर्गत कवर किया जाएगा। इस स्कीम में कर्मचारियों को लगभग 1000 रुपये वार्षिक किस्त देनी होगी। किसी भी प्रकार की मृत्यु पर कर्मचारी के आश्रितों को 5 लाख की अनुदान राशि मिलेगी।
सतीश भाटिया ने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक कर्मचारी इस स्कीम में जुड़ें। बैठक में महासचिव प्रेम भारद्वाज, मोहर सिंह कोषाध्यक्ष, अन्य गणमान्य सदस्य व प्रांतीय अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।





