शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में मां की ममता शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बता दें कि अपर अरनियाला रोड स्थित रेलवे लाइन के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी अरुण कुमार और बदायूं निवासी सुरजीत गाड़ी की मरम्मत के लिए ट्रक यूनियन के पास स्थित एक गेराज में पहुंचे थे। शौच हेतु रेलवे लाइन की ओर गए दोनों व्यक्तियों की नजर झाड़ियों में पड़े कपड़े के एक गठान पर पड़ी। नजदीक जाकर देखा तो उसमें नवजात शिशु मृत अवस्था में था। दोनों ने तुरंत पुलिस व स्थानीय लोगों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर पुलिस सहित विजिलेंस टीम भी मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी। नवजात के मृत पाए जाने से आसपास के लोगों में गहरा आक्रोश और संवेदना का माहौल है। वहीं, पुलिस इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से हाल ही में हुए प्रसवों का रिकॉर्ड खंगालने का प्रयास कर रही है। ताकि शिशु की पहचान कर आरोपी को पकड़ सके।
वहीं मामले को लेकर एएसपी सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और स्वास्थ्य विभाग से हाल ही में हुए प्रसवों का भी रिकॉर्ड मांगा गया है, ताकि आरोपी जल्द ही सलाखों के पिछे पहुंच सके।