हिमाचल दस्तक। मंडी
अपनी 2 नवजात जुड़वां बच्चियों को नाले में फेंकने वाली कलियुगी मां को अदालत ने 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत के समक्ष पेश किया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
बता दें कि इस महिला ने अपने प्रेमी से हुई 2 नवजात बच्चियों को वापस अपने ससुराल जाने से पहले सुकोडी नाले में फेंक दिया था। 2 दिन बाद ये बच्चियां मृत अवस्था में मिली थीं, जिसके बाद पुलिस ने इस महिला को सूचना के आधार पर पकड़ा था।
एएसपी मंडी आशीष शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब महिला से सारे मामले को लेकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। वहीं बच्चियों का सोमवार को मेडिकल कॉलेज नेरचौक में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।





