चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा के सोमवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय सत्र के दौरान नव निर्वाचित विधायक शपथ लेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बेरी से विधायक रघुवीर सिंह कादियान हरियाणा की 14वीं विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) होंगे और वह नव निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
विधायकों की शपथ के बाद उसी दिन विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य पांच नवंबर को विधानसभा को संबोधित करेंगे। यह नई विधानसभा का पहला सत्र होगा। हरियाणा में 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए। 90 सदस्ईय विधानसभा में भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिलीं, वहीं जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने 10 सीटों पर जीत हासिल की। कांग्रेस के खाते में 31 सीटें आईँ। किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिलने के बाद भाजपा और जजपा ने गठबंधन कर सरकार बनाई है।