हिमाचल प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाने को मजबूती से काम कर रही नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने ब्यास नदी कि किनारों पर प्रोटेक्शन वॉल लगाने की सोची है। जहां-जहां पर भी ब्यास नदी के किनारों पर प्रोटेक्शन वॉल लगाने की जरूरत होगी वहां पर एनएचएआई इस काम को करेगा ताकि उसके किनारे से मनाली को जोडऩे वाले एनएच को नुकसान न हो वहीं ब्यास नदी में भी मलबा उतनी मात्रा में न जाए।
हर साल आपदा के दौरान ब्यास नदी उफान पर रहती है और बड़ी तबाही मचाती है लेकिन भविष्य में इस नुकसान को कम करने के लिए कोशिशें की जा रही हैं।
प्रदेश में हर बरसात के समय पहाड़ों से मलबा गिरता है और बादल फटने की घटनाओं से बड़े पैमाने पर नुकसान होता है। यही एक बड़ा कारण है कि बादल फटने की घटनाओं के बाद पूरा मलबा ब्यास नदी में समाहित हो जाता है। यह मलबा पूरी तरह से इस नदी में न केवल बिछ गया है बल्कि काफी ज्यादा ऊपर आ चुका है। इसके ऊपर आ जाने से बरसात में पानी नदी से बाहर निकलकर तबाही मचाता है। इसका बड़ा नुकसान साथ लगते नेशनल हाइवे को उठाना पड़ता है।
इस समय नदी की ड्रेजिंग बेहद ज्यादा जरूरी है। वर्ष 2023 में भ यहां से बड़ा नुकसान हुआ था और उस समय केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वहां आकर कहा था कि नदी की ड्रेजिंग जरूरी है। बावजूद इसके इसपर कोई काम नहीं हो सका और इस बरसात ने फिर से यहां पर तबाही मचाई है।
ऐसे में नेशनल हाइवे अथॉरिटी न केवल ब्यास को इस मलबे से सुरक्षित रखने के लिए अपने स्तर पर कदम उठाने जा रही है बल्कि साथ लगते नेशनल हाइवे को बचाकर रखा जा सके इसके लिए भी काम करेगी। विशेष रूप से यहां पर नदी के उन किनारों पर प्रोटेक्शन वॉल लगाई जाएगी जहां पर ज्यादा जरूरत है।
शिमला में दो दिनों तक एनएचएआई की एक कार्यशाला हुई जिसमें विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। यहां ब्यास नदी की ड्रेजिंग को लेकर भी मामला उठा जिसमें कहा गया कि वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से ड्रेजिंग के लिए जल्द से जल्द मंजूरी मिलनी चाहिए। इसमें सभी एजैंसियां फिर चाहे केन्द्र सरकार की एजैंसी हो या फिर प्रदेश सरकार की सभी को मिलकर ड्र्रेजिंग का काम करना चाहिए।
एनएचएआई के क्षेत्रिय अधिकारी कर्नल अजय सिंह बरगोटी का कहना है कि पहाड़ों से लगातार हो रहा भूस्खलन सीधे ब्यास नदी में जा रहा है। बादल फटने की घटनाएं कई सालों से हो रही है और इसका पूरा मलबा नदी में पहुंच रहा है जिसे खाली करना जरूरी है। ऐसा होने पर नदी अपने सही आकार में आएगी और फिर तबाही उस तरह से नहीं होगी जैसे हो रही है।
वर्तमान में नदी अपना पुराना स्वरूप पूरी तरह से छोड़ चुकी है लिहाजा ड्रेजिंग जरूरी है। वहीं एनएचएआई कुछ स्थानों पर प्रोटेक्शन वॉल लगाने का काम करेगा।
यहां बता दें कि प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग के खनन विंग ने भी 10 साइट्स को चिन्हित किया है जिसपर इन दिनों सर्वेक्षण किया जा रहा है। इनको नीलामी के माध्यम से दिया जाएगा ताकि लोग यहां ब्यास नदी का मलबा निकालकर खनिज का प्रयोग करेंं। इसके लिए भी वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की अनुमति की जरूरत है जिसे लेकर एक व्यापक रणनीति बनाई जा रही है। पिछले दिनों सीएम ने दिल्ली जाकर केन्द्रीय मंत्री से यह मुद्दा उठाया था।