हिमाचल दस्तक। मनाली
हिमाचल प्रदेश के इतिहास में 24 जून, 2021 का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा क्योंकि आज केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में कुल्लू जिला के मनाली से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के लिए 6155 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण किए व आधारशिलाएं रखीं।
केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वास्तव में देश का सबसे सुंदर राज्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के समग्र विकास के लिए सड़कें अति-आवश्यक होती हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए भी सड़कें बहुत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी 2 वर्षों में दिल्ली से कुल्लू तक यात्रा समय घटकर 7 घंटे रह जाएगा, जिससे प्रदेश में पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिन सड़कों का आज उन्होंने शिलान्यास किया है, उन्हें निर्धारित समय में पूर्ण किया जाएगा।
नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को इस वर्ष 15 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि 40 किलोमीटर लंबी लेफ्ट बैंक मनाली सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अति शीघ्र तैयार कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परिवहन के वैकल्पिक साधनों, जैसे केबल कार इत्यादि के निर्माण के अलावा राज्य में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लगभग 40 हजार किलोमीटर लंबी सड़कें हैं, लेकिन पहाड़ी राज्य होने के कारण अभी भी बहुत कुछ करना शेष है। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों को आमंत्रित और आकर्षित करने के लिए बेहतर सड़क सुविधा होना अत्यन्त आवश्यक है।
जयराम ठाकुर ने राज्य के लिए 6155 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखने और समर्पित करने के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से मनाली शहर के लिए लेफ्ट बैंक सड़क की डबल लेनिंग और भूबो जोत टनल के निर्माण का आग्रह किया।
केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि राज्य में 2000 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं के कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 7000 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के दौरान राज्य उल्लेखनीय प्रगति करेगा और देश का माॅडल राज्य बनकर उभरेगा।
केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि देश ने सड़क अधोसंरचना विकास में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री राज्य में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश को अवश्य ही परियोजनाएं प्रदान करेंगे।