नाहन में महात्मा गांधी के शहीदी दिवस आयोजित एकता सम्मेलन में बोले पीसीसी अध्यक्ष
चंद्र ठाकुर। नाहन:
केंद्र की मोदी सरकार महात्मा गांधी नहीं बल्कि नाथूराम गोडसे की विचारधार को मानती है। ये गांधी के सपनों का भारत नहीं बल्कि नाथू राम के सपनों का भारत है। केंद्र की भाजपा सरकार आज भाई-भाई को लड़ाने का काम कर रही है। यह बात वीरवार को नाहन में महात्मा गांधी के शहीदी दिवस पर आयोजित एकता सम्मेलन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कही।
इस मौके पर उन्होंने केंद्र और राज्य के भाजपा प्रतिनिधियों को आढ़े हाथों लेते हुए उन पर जमकर निशाना साधा। खासकर केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर उन्होंने कटाक्ष किया। कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश की राजनीति को और दूषित नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यदि धर्मनिरपेक्ष और अहिंसा पर विश्वास है तो वह केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर को विरोधी नारे लगाने पर पद से हटाएं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग शांत स्वाभाव के लिए जाने जाते हैं, मगर अनुराग ठाकुर द्वारा इस तरह की प्रतिक्रिया से हिमाचल का नाम भी बदनाम हुआ है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल पर हमला बोलते हुए राठौर ने कहा कि वह एकमात्र ऐसे विधानसभा अध्यक्ष थे, जिनको पच्छाद उपचुनाव में भाजपा का गुपचुप प्रचार करने पर चुनाव आयोग का नोटिस मिला। कुछ लोग कहते हैं कि डॉ. बिंदल अच्छे मैनेजर हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मैनेजर का काम फेक्ट्री में जीएम या एजीएम जैसे पदों के लिए है। यह राजनीति है और राजनीति हमेशा जनसेवा भाव से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कमजोर नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस ही जीतेगी। राठौर ने कहा कि कहा कि आज देश नाजुक दौर से गुजर रहा है। जीडीपी गिर रही है। देश आर्थिक मंदी झेल रहा है। देश में नागरिकता संशोधन कानून लाने की क्या जरूरत थी। देश को तोडऩे की कोशिश की जा रही है। धर्म निरपेक्ष और संप्रदाय के नाम पर देश को बांटा जा रहा है। सरकार कर्जों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूर्व कांग्रेस सरकार में हुए विकास कार्यों का फीता काट रही है। उन्होंने सवाल किया कि सीएम बताएं अपने कार्यकाल में उन्होंने कौन सा नया काम किया है।
इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सोलंकी, विधायक हर्षवर्धन चौहान, विधायक विनय कुमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर, जिला परिषद अध्यक्ष दिलीप चौहान, पूर्व विधायक किरनेश जंग, अनिंद्र सिंह नौटी, संदीप शर्मा, रुपेंद्र ठाकुर, बृजराज शर्मा, मोहम्मद इकबाल, अश्वनी कुमार सहित प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।