नई दिल्ली :
जामिया नगर में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद शनिवार को शाहीन बाग में में भी फायरिंग की गई। प्रदर्शन स्थल से कुछ ही दूरी पर एक शख्स ने हवाई फायरिंग की। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो या तीन राउंड फायर किए।
फिलहाल वह पुलिस की हिरासत में है। आसपास के लोगों के पूछने पर उसने कहा कि हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी। आरोपी ने अपना नाम कपिल गुर्जर बताया है। वह नोएडा बॉर्डर के पास दल्लुपुरा इलाके का रहने वाला है। डीसीपी चिन्मय बिस्वाल ने बताया है कि आरोपी ने हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
आरोपी को सरिता विहार थाना ले जाया गया है। पुलिस बैरिकेड के पास जिस समय पुलिसकर्मी फायरिंग करने वाले शख्स को ले जा रहे थे तो वह ‘जय श्री राम’ के नारे लगा रहा था। जामिया नगर में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद आज शाहीन बाग में भी फायर किया गया है।