शिमला शहर के लोअर बाजार और मॉल रोड पर दुकानदारों द्वारा बढ़ता अतिक्रमण लगातार लोगों की आवाजाही में बाधा बन रहा है। नगर निगम की टीम रोजाना अभियान चलाती है, लेकिन निगम की गाड़ी लौटते ही कई दुकानदार फिर से दुकान के बाहर सामान सजा लेते हैं, जिससे सडक़ों पर भीड़भाड़ और अव्यवस्था बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए अब नगर निगम सख्त रुख अपनाने जा रहा है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी दुकानदार को अतिक्रमण करने पर बख्शा नहीं जाएगा। नालियों, पटरियों या दुकान के बाहर रखा सामान निगम कर्मचारी मौके पर ही जब्त करेंगे।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम की गाड़ी रोजाना लोअर बाजार और मॉल रोड में गश्त लगाती है। अभियान के दौरान जिन कारोबारियों का सामान नालियों या सडक़ पर फैला पाया जाता है, उसे तुरंत जब्त कर लिया जाता है। इसी के चलते सोमवार को ढली क्षेत्र में भी निगम ने कार्रवाई की थी, जिसमें कई अतिक्रमणकारियों का सामान उठाया गया।
कुछ दिन पहले निगम कर्मचारियों के साथ दुकानदारों की हाथापाई की घटना के बाद अब नगर निगम और भी सख्त हो गया है। शिमला नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने दो टूक कहा है कि अतिक्रमणकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और किसी को भी किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।
शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ा एक्शन अब नियमित रूप से जारी रहेगा।
– नगर निगम, आयुक्त, भूपेंद्र अत्री
शिमला में बढ़ते अतिक्रमण ने न सिर्फ शहर की सुंदरता को प्रभावित किया है, बल्कि आम लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था पर भी भारी बोझ डाला है। ऐसे में नगर निगम की यह सख्त कार्रवाई शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में जरूरी कदम है। अब यह देखना अहम होगा कि व्यापारी नियमों का पालन करते हैं या फिर निगम को और कठोर कदम उठाने पड़ेंगे। शिमला को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों की जिम्मेदारी समान है।