एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र
भारत में पिछले एक दशक में अल्पपोषित लोगों की संख्या छह करोड़ तक घट गई है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई, जिसमें यह भी कहा गया कि बच्चों में बौनेपन की समस्या कम हो गई है। लेकिन देश के वयस्कों में मोटापा बढ़ रहा है। सोमवार को जारी, विश्व में खाद्य सुरक्षा एवं पोषण स्थिति रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक 2019 में दुनिया भर में करीब 69 करोड़ लोग अल्पपोषित (या भूखे) हैं। यह संख्या 2018 के मुकाबले एक करोड़ ज्यादा है।
भूख एवं कुपोषण को समाप्त करने की प्रगति पर नजर रखने वाली सबसे आधिकारिक वैश्विक अध्ययन माने जाने वाली इस रिपोर्ट में कहा गया कि भारत में अल्पपोषित लोगों की संख्या 2004-06 के 24.94 करोड़ से घटकर 2017-19 में 18.92 करोड़ हो गई। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो भारत की कुल आबादी में अल्पपोषण की व्यापकता 2004-06 में 21.7 प्रतिशत से घटकर 2017-19 में 14 प्रतिशत हो गई।
इसमें कहा गया, दो उपक्षेत्रों जिनमें अल्पपोषण में कमी दिखी है-पूर्वी एवं दक्षिण एशिया में-वहां महाद्वीप की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं-चीन और भारत का वर्चस्व है। इस रिपोर्ट को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ), अंतरराष्ट्रीय कृषि विकास कोष (आईएएफडी), संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ), संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से संयुक्त रूप से तैयार किया गया है।