अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर स्ट्राइक, साल का सबसे बड़ा मामला
धर्मशाला। पुलिस जिला नूरपुर ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर प्रहार किया है। नशे की भारी खेप बरामदगी का ये साल भर में सबसे बड़ा मामला है। बरामद चिट्टे की खेप की करोड़ों रुपये की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सीआईए नूरपुर की टीम ने मीलवां स्थित हिमफेड मिल्क प्लांट के पास एक सफेद रंग की होंडा अमेज कार से 264.6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है। पुलिस के अनुसार, उलेहड़यिां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के समीप चेकिंग के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब का एक तस्कर कार में भारी मात्रा में हेरोइन छिपाकर मीलवान क्षेत्र में सप्लाई देने पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन को घेरकर तलाशी ली।
जांच के दौरान कार के स्टीयरिंग काउल कवर के भीतर छिपाया गया एक पॉलिथीन पैकेट मिला, जिसकी ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर उसमें चिट्टा होने की पुष्टि हुई। बरामद पदार्थ का कुल वजन 264.6 ग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र सिंह (41 वर्ष) निवासी गांव भर्टवाल, डाकघर रियाली कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि उसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं।
आरोपी की कार को भी किया जब्त
पुलिस ने बरामद हेरोइन के साथ तस्करी में इस्तेमाल की गई होंडा अमेज कार को भी जब्त कर लिया है। अब जांच इस दिशा में आगे बढ़ाई जा रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था, ताकि पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश कर उसे पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
नूरपुर जिला पुलिस के तहत साल भर में नशा तस्करी का सबसे बड़ा मामला है। ये अंतरराज्यीय नेटवर्क तीन राज्यों में चल रहा था। तीनों कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार कर मामले की जांच गहनता से जारी है।-कुलभूषण वर्मा, एसपी नूरपुर।








