प्रवेश शर्मा : परागपुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के एक दिवसीय परागपुर दौरे की आधिकारिक पुष्टि मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 17 मई को परागपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे व करोड़ो रुपये के शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री परागपुर उपतहसील को स्तरोन्नत कर तहसील का दर्जा दे सकते हैं। इसके अलावा पीएचसी को स्तरोन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा प्रदान कर खंड चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय भी परागपुर में खोल सकते हैं। क्योंकि डाडासीबा सिविल अस्पताल बन जाने से बीएमओ का पद परागपुर को मिलना लगभग तय है।
सबसे ज्यादा नजर जसवां परागपुर विस क्षेत्र को उपमंडल (ना.) का दर्जा मिलने की पर गड़ी हुई है। भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार परागपुर सबसे उपयुक्त स्थल है, और इसकी प्रस्तावना (प्रपोजल) रिपोर्ट राजस्व विभाग ने सरकार को भेज भी दी है। वहीं हेरिटेज विलेज परागपुर और गरली को धरोहर पर्यटन नीति के तहत विशेष पैकेज मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।
औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर-टेरेस को लेकर भी सीएम कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।व शांतला में विधुत मण्डल कार्यालय खोलने की घोषणा भी कर सकते हैं। वहीं सीएम के परागपुर दौरे को सफल बनाने के लिए जसवां परागपुर भाजपा मंडल के कार्यकर्ता दिन रात एक किए हुए हैं। विस चुनाव से पहले उनकी सरकार की यह परागपुर की अंतिम जनसभा भी हो सकती है।
उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर पिछले कल शाम को परागपुर लोनिवि विश्राम गृह में उपमंडल व खंड अधिकारियों के साथ सीएम के परागपुर दौरे को सफल बनाने के लिए मीटिंग कर चुके हैं। बिक्रम ठाकुर खुद परागपुर में मुख्यमंत्री की होने जा रही जनसभा को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री का 17 मई को परागपुर का एक दिवसीय प्रवास निर्धारित हो गया है। इस दौरान वे जनसभा को संबोधित करेंगे ओर जसवां परागपुर विस क्षेत्र के कई शिलान्यास व उद्घाटन भी करेंगे। कौन-कौन से शिलान्यास व उद्घाटन सीएम परागपुर में करेंगे अभी इसकी डिटेल नहीं आई है।
-डॉ. आरएन बत्ता, सलाहकार व प्रधान निजी सचिव, मुख्यमंत्री।