हिमाचल दस्तक, देवेंद्र सूद। गगरेट
लुधियाना से मां चिंतपूर्णी के दर्शनों को जा रहे श्रद्धालुओं की कार गगरेट के समीप गहरी खाई में समा जाने से एक श्रद्धालु युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान मुनीष कुमार पुत्र सुरजीत कुमार निवासी अब्दुलापुरा बस्ती लुधियाना के रूप में हुई है, जबकि कार सवार तीन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। गगरेट पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। जबकि घायलों को भी उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात्रि लुधियाना के चार श्रद्धालु कार में सवार होकर मां चिंतपूर्णी के दर्शनों को जा रहे थे। जैसे ही कार होशियारपुर-गगरेट मार्ग पर गगरेट कस्बे से करीब तीन किलोमीटर दूर जूस फैक्ट्री के समीप पहुंची तो आगे से आ रहे वाहन की लाइट की फ्लैश चालक के आंखों में पड़ने के कारण वह कार से नियंत्रण खो बैठा और कार करीब अढ़ाई सौ फुट गहरी खाई में समा गई।
हादसे में मुनीष कुमार निवासी लुधियाना की मौत हो गई, जबकि दलजीत कुमार निवासी प्रीत नगर, राज कुमार निवासी दशमेश नगर व दानिश निवासी जम्मू कालोनी लुधियाना के रुप में हुई है। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने मामाला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।
अढ़ाई घंटे तड़पते रहे श्रद्धालु
घायल श्रद्धालु करीब अढ़ाई घंटे तक घुप अंधेरे में गहरी खाई में ही तड़पते रहे, जिन्हें पुलिस व होमगार्ड जवान से रेसक्यू आपरेशन चलाकर कड़ी मशक्कत कर काई से निकाल कर सिविल अस्पताल गगरेट में भर्ती करवाया। दुर्घटना का कारण चालक द्वारा कार से नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है।