रतिक्ष कुमार। लुधियाड़
उपमंडल जवाली के अंतर्गत गांव लुधियाड़ में एक व्यक्ति को लावारिस सांड ने बुरी तरह घायल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लुधियाड़ के चमन लाल, पुत्र रतन चंद रोज की तरह दिहाड़ी लगाकर शुक्रवार देर शाम को अपने घर की तरफ आ रहा था कि अचानक लावारिस सांड ने उस पर हमला कर दिया।
इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सांड के हमले से चमन लाल की टांग टूट गई और शरीर पर भी काफी चोटें आई हैं। चमन लाल का पठानकोट के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व विधायक अर्जुन ठाकुर से पीड़ित परिवार की मदद की गुहार लगाई है।