शिमला:
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में देवली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अरविंद कुमार के समर्थन में चौहान कांप्लेक्स में महिला सम्मेलन को संबोधित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष के नेता नागरिकता संशोधन अधिनियम के बारे में लोगों को गुमराह कर रहे हैं, ताकि वह इसका फायदा उठा सके।
उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम किसी भी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य विभिन्न धर्मों के उन पीडि़त लोगों को राहत प्रदान करना है, जो बहुसंख्यक समुदाय के अत्याचार के कारण पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में ही संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर राजनीति करना अनुचित है, क्योंकि भारत में रह रहे मुस्लिम समुदाय के लोग इस अधिनियम से प्रभावित नहीं होंगे।
इसके बाद बद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत बद्रपुर और जैतपुर में भाजपा उम्मीदवार रामवीर सिंह विधूड़ी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के लोग बहुत समझदार हैं और वह विधानसभा चुनावों में विपक्ष के नेताओं को करारा जवाब देंगे क्योंकि वे जानते हैं कि सही मायने में उनका हितैषी कौन है।
केंद्र सरकार ने दिल्ली के लोगों को विभिन्न तरह के लाभ दिए हैं और एनडीए सरकार में पिछले छह साल में उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को और आसान बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयां छुई हैं और लोगों को अनेक लाभ प्रदान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों से भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें दिल्ली में भी डबल ईंजन का विकास प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और विपक्ष के नेताओं द्वारा दिल्ली के विकास तथा लोगों को लाभ प्रदान करने में उत्पन्न की जा रही बाधाओं से छुटकारा मिलेगा। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के लाल कुआं में भाजपा उम्मीदवार विक्रम बिधूड़ी के समर्थन में भी जनसभा संबोधित की।
देश को तोडऩे की रची जा रही साजिश: बिंदल
शिमला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने राजिंद्र नगर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी सरदार आरपी सिंह के समर्थन में बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को शाहीन बाग मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। शाहीन बाग में देशद्रोही नारे लग रहे हैं। उन्होंने कहा देश को तोडऩे की साजिश हो रही है और बहाना नागरिकता संशोधन अधिनियम का है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह तुरंत राष्ट्रीय स्तर पर घोषित करना होगा कि वे शाहीन बाग के साथ है या विरोध में है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस व आम आदमी पार्टी केवल वोटों के लालच में शाहीन बाग की घटनाओं का विरोध न करके टुकड़े-टुकड़े गैंग को मजबूत करने में सहयोगी बन रहे हैं।