पधर। पधर के अंतर्गत शुक्रवार को नेपाली परिवार की एक वर्षीय बच्ची की पानी की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पधर लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चिकित्सा अधिकारी द्वारा सूचना दी गई कि एक मृत बालिका को अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच व कानूनी कार्रवाई शुरू की।

जांच के दौरान मृत बच्ची की पहचान आरुषि (1 वर्ष) पुत्री गोपाल, निवासी गांव रोकाया, डाकघर लिमसा, जिला झज्जर कोट, नेपाल के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की मौत किराये के कमरे में रखी पानी से भरी बाल्टी में डूबने से हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है। बताया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता पिछले कुछ महीनों से यहां दिहाड़ी मजदूरी कर रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें, खासकर घरों में पानी से भरे बर्तन और अन्य वस्तुओं को ढक कर रखें। इससे पूर्व पिछले दिनों सरकाघाट में ऐसी ही वारदात हो चुकी है। फिर भी सबक नहीं लिया जा रहा है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है।








