ललित ठाकुर। पधर
पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने चौहारघाटी के जनसंपर्क अभियान दौरान धमच्याण और लटराण पंचायत का दौरा किया। इस दौरान नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करने बाद लोगों की समस्याओं को भी सुना।
वहीं सबंधित विभागीय अधिकारियों को लोगों की समस्याओं बारे अवगत करवा शीघ्र निदान करने की अपील की। इस दौरान कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार पूरी तरह फेल हो गई है। लोक लुभावने वादों के साथ दूसरी बार सत्ता में आई केंद्र की मोदी सरकार ने आम जनता को निराश किया है।
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश भर में महंगाई का बोलबाला बढ़ा है। महंगाई इतनी व्यापक पैमाने में बढ़ रही है कि गरीब की थाली से दो वक्त का भोजन छिटक रहा है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है औऱ भ्र्ष्टाचार की जड़ें मजबूत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का साढ़े 3 साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है और तुलना करने का समय नजदीक आ गया है।
लोगों को महसूस हुआ है कि कांग्रेस पार्टी ही जनहितैषी है। किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों के लिए कांग्रेस ने हमेशा कल्याणकारी नीतियां बनाई हैं।लोगों से आह्वान किया कि डबल इंजन की सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाकर 2022 के लिए अभी से तैयारियों में जुट जाएं।