ललित ठाकुर। पधर
विकास खंड द्रंग की ग्राम पंचायत कुफरी के वार्ड सिलिखड़ में हो रहे भूमि सुधार के कार्य में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं कड़ी धूप में भी दिल खोल कर कार्य कर रही हैं। यही नहीं औरतें भी पुरुषों की तरह पत्थर तोडऩे के बाद खेतों में डंगे के कार्य के लिए मिस्त्री का कार्य स्वयं कर रही हैं।
बताते चलें कि वार्ड सिलिखड़ में छांगी देवी पत्नी स्वर्गीय दुर्गा दास के खेतों में मनरेगा के तहत भूमि सुधार का कार्य पंचायत के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें मनरेगा के माध्यम से 1 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि महिलाएं पुरुषों की तरह भूमि सुधार के काम में पत्थर तोड़ाई, डंगे इत्यादि के सभी काम बहुत अच्छी तरह से स्वयं कर रही हैं।
कुफरी के प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं मनरेगा में मेहनत से कार्य कर रही हैं। अब महिलाएं पत्थर तोडऩे के साथ-साथ डंगे भी खुद दे रही हैं।