ललित ठाकुर। पधर
पधर में मक्की की फसल पूरे यौवन पर है, लेकिन अब जंगली सूअर फसल को उजाडऩे में लग गए हैं। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुन्नू के गांव रिगड में शुक्रवार रात को सूअरों ने बंदना देवी की फसल को तबाह कर दिया है। वहीं जो फसल बच गई है, वह बारिश और तूफान की भेंट चढ़ गई है।
बता दें कि मक्की की फसल को तैयार होने में कुछ दिन ही शेष बचे हैं लेकिन अब जंगली जानवरों ने फसल को तबाह करना शुरू कर दिया है। बंदना देवी का कहना है कि निचले क्षेत्र की एक मात्र फसल मक्की ही होती है, लेकिन जंगली जानवर अब फसलों को तबाह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 4 महीने मेहनत करने के बाद भी कुछ हाथ नहीं लगता।
बंदना ने बताया कि मक्की की फसल मंडियों में बेचने के बाद साल भर का राशन भर कर परिवार का गुजारा चल पड़ता है लेकिन जंगली जानवरों से फसल बर्बाद होने के कारण राशन पर मुसीबत बन सकती है।