सिरमौर। सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में आज एक सरिया फैक्ट्री में भयानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक सुबह लगभग 9:15 बजे सरिया निर्माण के दौरान अचानक फर्नेस का हिस्सा नीचे गिर गया, जिससे भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे में काम कर रहे दो मजदूर लपटों की चपेट में आ गए। इनमें से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने और राहत-बचाव का काम शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि इसे काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायल को तत्काल नारायणगढ़ अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। दोनों मजदूर उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सिरमौर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दूसरा उपचाराधीन है। साथ ही, फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है ताकि आग लगने के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।










