एजेंसी। नई दिल्ली
पाकिस्तानी अधिकारियों ने सोमवार शाम इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारियों को रिहा कर दिया, जिन्हें हिट एंड रन के एक मामले में कथित रूप से शामिल होने के लिए हिरासत में लिया गया था। शीर्ष सरकारी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की कि दो भारतीय कर्मचारियों ने पाकिस्तानी अधिकारियों ने रिहा कर दिया है और वे भारतीय उच्चायोग लौट आए हैं। सूत्रों ने बताया कि दोनों अपनी ड्यूटी के लिए सुबह साढ़े आठ बजे उच्चायोग से (भारतीय समयानुसार) एक गाड़ी में निकले थे, लेकिन गंतव्य पर नहीं पहुंचे। भारत ने दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी को सम्मन किया और दो अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा विरोध दर्ज किया। पाकिस्तानी मीडिया ने कहा था कि दोनों भारतीय कर्मचारियों को कथित तौर पर हिट एंड रन के एक हादसे में शामिल होने के लिए गिरफ्तार किया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी उच्चायोग के प्रभारी (सीडीए) को विदेश मंत्रालय ने सम्मन किया और उसे डिमार्श जारी करके यह साफ कर दिया गया कि भारतीय अधिकारियों से कोई पूछताछ नहीं होगी या उनका उत्पीडऩ नहीं किया जाएगा और उनकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पाकिस्तानी अधिकारियों की है। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी अधिकारियों से दोनों भारतीय अधिकारियों को उनकी आधिकारिक कार के साथ तुरंत उच्चायोग वापिस भेजने के लिए कहा गया।