धर्मशाला। पुलिस थाना पालमपुर के क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एचआरटीसी बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में वंशिका पुत्री कृष्ण कुमार निवासी लटवाल, डाकघर वगोड़ा, तहसील पालमपुर ने बताया कि उसकी छोटी बहन अनामिका (14), जो एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल होली (चंबा) में नौवीं कक्षा की छात्रा थी, गर्मियों की छुट्टियों के कारण घर आई हुई थी। 17 जून को दोनों बहनें खरीदारी के लिए पालमपुर गई थीं। शाम करीब 5 बजे वे न्यू बस स्टैंड पालमपुर से धर्मशाला की ओर जा रही एचआरटीसी बस में घर लौटने के लिए सवार हुईं। दोनों ने न्युगल पुल तक का टिकट लिया था।
बयान के अनुसार, बस स्टॉप पहुंचने से पहले अनामिका अपनी सीट से उठकर बस के अगले दरवाजे के पास खड़ी हो गई। बस तेज रफ्तार में थी और अचानक झटका लगने से बस का अगला दरवाजा खुल गया, जिससे अनामिका सड़क पर गिर गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बस चालक ने तुरंत ब्रेक नहीं लगाई, जिसके कारण बस का पिछला टायर अनामिका के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद तुरंत सिविल अस्पताल पालमपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अनामिका को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) एवं 106(1) के तहत एचआरटीसी बस चालक विजय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।








