अमीर बेदी। पालमपुर
पूर्व आईपीएच मंत्री की फर्जी फेसबुक आईडी की खबर प्रकाशित होने के बाद ठाकुर रविंद्र सिंह रवि के पालमपुर स्थित कार्यालय में पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को हिमाचल दस्तक वेब टीवी ने पूर्व आईपीएच मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि की फेसबुक पर फर्जी आईडी को लेकर खबर प्रकाशित की थी।
खबर की शिकायत सीधे तौर पर ठाकुर रविंद्र सिंह द्वारा न दिए जाने के बजाय उनके देहरा स्थित एक कार्यकर्ता द्वारा की गई थी, इसलिए पालमपुर डीएसपी अमित शर्मा अपनी टीम के साथ उनके पालमपुर स्थित कार्यालय आवश्यक जानकारी जुटाने पहुंचे थे। भाजपा के पुष्ट सूत्रों के मुताबिक शिकायतकर्ता देहरा के समाजसेवी डॉक्टर सुकृत सागर भी आज पालमपुर आए और उन्होंने पुलिस को फर्जी फेसबुक अकाउंट को लेकर जानकारी उपलब्ध करवाई।
उन्होंने दूरभाष पर बताया कि इस फर्जी आईडी पर हजारों प्रशंसक जुड़ गए थे। डीएसपी अमित शर्मा ने मामले की प्राथमिकी दर्ज किए जाने के उपरांत फर्जी फेसबुक अकाउंट को लेकर कुछ और जानकारी जुटाई। ठाकुर रविंद्र सिंह रवि की फर्जी आईडी पर देहरा, ज्वालाजी और पालमपुर के कुछ कार्यकर्ता जुड़े गए हैं जो कि संभवत: अप्रैल माह में तैयार की गई थी। ठाकुर रविंद्र सिंह रवि ने इस फर्जी आईडी प्रकरण को लेकर कहा कि वैसे तो इसकी प्राथमिकता पुलिस दर्ज कर चुकी है लेकिन कुछ आवश्यक जानकारी के लिए पुलिस उनके कार्यालय पहुंची थी।