धर्मशाला । पुलिस जिला कांगड़ा के तहत पुलिस थाना पालमपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता मीनाक्षी पठानिया निवासी हरोली, जिला ऊना ने आरोप लगाया है कि 13 जून की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी रिश्तेदार की मौत हो गई है। इसके बाद वह अन्य परिजनों के साथ डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (टांडा) पहुंचीं, जहां उन्होंने शव की पहचान की। शिकायत में दावा किया गया है कि मृतका के गले पर फंदे के निशान थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मृतका को उसकी सास, ससुर और पति द्वारा लगातार प्रताड़ित और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था, जिसके कारण विवाह के पांच वर्ष के भीतर उसने कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पालमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।







