पालमपुर। पालमपुर क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां चलती वॉल्वो बस को रोककर कुछ युवकों ने ड्राइवर, कंडक्टर और यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग भी की। यह घटना भवारना थाना क्षेत्र के तहत थुरल के पास बैरघट्टा में बुधवार रात सामने आई।

पुलिस के अनुसार प्राइवेट वॉल्वो बस कांगड़ा के बीड़ से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब बस बैरघट्टा के मार्ग से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही काले रंग की थार में सवार युवकों ने ओवरटेक करने के लिए साइड मांगी। सड़क संकरी होने के कारण बस चालक तुरंत रास्ता नहीं दे सका, जिससे आरोपी भड़क गए। युवकों ने बस को ओवरटेक कर आगे रोक दिया और जबरन बस के अंदर घुस गए।
घटना में 4 लोग घायल
आरोपियों ने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस हमले में ड्राइवर और कंडक्टर के साथ बीच-बचाव कर रहे दो अन्य लोग भी घायल हो गए। इस हमले में सुंदर सिंह निवासी मंडी, राज कुमार निवासी कांगड़ा, विजय कुमार निवासी मंडी और प्रवेश कुमार निवासी कांगड़ा घायल हुए हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया। घायलों में से राज कुमार और विजय कुमार की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हमला करने वाले आरोपी गिरफ्तार
पुलिस चौकी थुरल और थाना भवारना की टीम ने नाका लगाकर आरोपियों को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलविंद्र सिंह (पठानकोट), निशान पाल (होशियारपुर) और अलीश (पठानकोट) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की थार गाड़ी को कब्जे में लेकर हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू और पिस्टल भी बरामद कर ली है।







