हिमाचल दस्तक। पालमपुर
ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने शुक्रवार को नगर निगम पालमपुर खिलडू (कालीवाड़ी मंदिर), बिंद्रावन कल्याड़कर, सुग्घर और आईमा में जनसभाओं को संबोधित किया।
यहां जनसभा को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पालमपुर में आने वाले समय में देश के सुंदर निगमों में शुमार होगा। उन्होंने कहा कि एक साथ 3 नगर निगमों का निर्माण कर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पालमपुर तेजी से उभरता हुआ शहर है और सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि पालमपुर निगम क्षेत्र में योजनात्मक विकास संभव होगा और अगले 3 वर्षों तक किसी प्रकार का कोई टैक्स नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, कूड़ा-कचरा प्रबंधन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में बिजली की तारों को अंडरग्राउंड डालने का भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के विभाग को आदेश दिए गए हैं। इस अवसर पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि पालमपुर के निगम बनने से यहां विकास की धारा बहेगी और कई प्रकार की सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि पालमपुर का मानसम्मान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दर्जा देकर बढ़ाया है।