16 सीटों के लिए कर सकते हैं 4 जुलाई तक आवेदन
रामपुर बुशहर। आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश पंचकर्म टेक्नीशियन कोर्स आयोजित करने जा रह है। ये पहली बार है जब इस तरह का प्रशिक्षण आयुर्वेद विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसके तहत युवाओं कों पंचकर्म की विस्तृत ट्रेनिंग दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में स्वरोजगार और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-2027 के लिए पंचकर्म टेक्नीशियन कोर्स की शुरुआत की जा रही है।
इसके तहत आयुर्वेदिक अस्पताल रामपुर को कुल 16 सीटें आवंटित की गई हैं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो रखी गई है।

वहीं आयु सीमा 17 से 35 वर्ष रहेगी। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 4 जुलाई तय की गई है। कोर्स की अवधि व प्रमाण पत्र 1 वर्ष का सफल प्रशिक्षण पूरा होने पर हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.ayurveda.hp.gov.in पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयुर्वेदिक क्लीनिक और वेलनेस सेंटर्स में खुलेंगे रोजगार के अवसर
खंड आयुर्वेदिक अधिकारी रोहिणी शर्मा ने कहा कि इस प्रशिक्षण से करियर और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस 1 वर्ष के सर्टिफिकेट कोर्स को पूरा करने के बाद छात्र किसी भी पंचकर्म केंद्र में बतौर टेक्नीशियन अपनी सेवाएं दे सकते है। वहीं विभिन्न आयुर्वेदिक क्लीनिक और वेलनेस सेंटर्स में भी रोजगार के अवसर खुलेंगे।










