अनूप शर्मा बिलासपुर /
प्रदेश कांग्रेस पंचायती राज विभाग 20 अगस्त तक पूरे राज्य में ग्राम स्वराज विकेंद्रीकरण की राह पर जागरूकता अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत विभाग आम जन को भारतीय संविधान के 73वें और 74वें संविधानिक संशोधन के बारे में जागरूक करेगी। इंदिरा भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस पंचायती राज विभाग के संयोजक दीपक राठौर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी का मानना था कि सबसे बडी ताकत यहां के लोग हैं। इसलिए उनके अथक प्रयासों से संविधान के 73 वें व 74 वें संशोधन को संवैधानिक दर्जा दिया और यह कांग्रेस की सबसे बडी उपलब्धियों में से एक है।
दीपक राठौर ने कहा कि अभियान का मुख्य उदेश्य लोगों को संविधान के 73 वें व 74 वें संशोधन के बारे में जागरूक करना है ताकि लोगों को संविधान संशोधन में वर्णित अपने अधिकारों के प्रावधानों में पता चल सके। ताकि वह इन मुददों व अधिकारों के तहत अपनी आवाज को ग्राम सभा में उठा सके। उन्होंने प्रदेश की जय राम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार पिछले अढाई वर्षो में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। हालत यह है कि हिमाचल प्रदेश में सेब की फसल पूरे यौवन पर है लेकिन अभी तक भी सेब को बाहर भेजने व तूडान का कोई प्रबंधन नहीं हो पाया है। उन्होंने कि आने वाले पंचायती राज चुनावों में काग्रेस पार्टी के समर्थित उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।