पुलिस ने दोनों आरोपियों को लिया हिरासत में, मामला दर्ज
पंडोह। पंडोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी अवैध शराब खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप से 101 पेटियां अवैध देशी शराब बरामद की हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 9 लाख 9 हजार एमएल बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 4 जून 2026 को एसआई अशोक पठानिया अपनी टीम मुख्य आरक्षी मनोज ठाकुर, मुख्य आरक्षी रजनी कांत, आरक्षी पवन कुमार, लोक राज व अमित कुमार के साथ गश्त एवं सुराग बरारी पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 7.15 बजे सूचना मिली कि मंडी से कुल्लू की ओर जा रही एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप नंबर एचपी 66बी 2278 में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जागर नाला के पास फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। सुबह करीब 7.40 बजे संदिग्ध पिकअप मौके पर पहुंची। पुलिस नाका देखकर चालक ने गाड़ी को अचानक जागर गांव की ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को करीब 50 मीटर आगे रोक लिया। गाड़ी की जांच के दौरान उसमें पीली प्लास्टिक की तरपाल के नीचे गत्ता पेटियां भरी हुई मिलीं।
चालक ने अपना नाम लतेश पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गांव रड़ा, डाकघर मैरामसित, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी बताया, जबकि उसके साथ बैठे युवक की पहचान नितिश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार के रूप में हुई। जब पुलिस ने गाड़ी में लदे सामान के बारे में पूछताछ की तो दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने तरपाल हटाकर जांच की तो वाहन में शराब से भरी पेटियां पाई गईं। गिनती करने पर कुल 101 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें देशी शराब संतरा, 750 एमएल पाई गईं। इनमें 61 पेटियों पर बैच नंबर 153 तथा 40 पेटियों पर बैच नंबर 154 अंकित था। बरामद शराब की कुल संख्या 1212 बोतलें तथा कुल मात्रा 909000 एमएल आंकी गई है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है तथा शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और कहां सप्लाई की जानी थी, इसकी जांच शुरू कर दी है।








