पांवटा साहिब। जिला सिरमौर के पुरुवाला थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार संजय कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी गांव बडियार, डाकघर कांडो भटनोल, तहसील शिलाई और श्रवण कुमार पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव बडियार, कार में अपने गांव बडियार से शरली की ओर जा रहे थे। वाहन को श्रवण कुमार चला रहा था।
शिकायत में बताया गया कि गांव पभार के समीप चालक श्रवण कुमार वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सड़क से बाहर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्तियों को चोटें आई हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस थाना पुरुवाला में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।








