पांवटा साहिब। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर में एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर उसके साथ हाथापाई करता और थप्पड़-मुक्के मारता दिखाई दे रहा है। घटना गत बुधवार दोपहर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिसकर्मी राजेश छिंटा धौलाकुआं बटालियन में तैनात हैं। बुधवार को उनकी ड्यूटी तारूवाला स्थित स्ट्रांग रूम में लगी हुई थी। वह लंच के लिए जा रहे थे, तभी गोंदपुर औद्योगिक क्षेत्र में उनकी एक व्यक्ति के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी फरमान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है और एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ठेकेदार के तौर पर कार्यरत है। वायरल वीडियो में आरोपी व्यक्ति पुलिसकर्मी की वर्दी पकड़कर उसके साथ हाथापाई करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मारपीट की घटना के बाद पुलिस जवान थाने भी पहुंचा था, लेकिन उस समय एफआईआर दर्ज नहीं हुई। हालांकि, जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मामला मीडिया में उछला तो पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। पुलिसकर्मी की शिकायत पर पांवटा साहिब पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।-योगेश रोल्टा, एएसपी, सिरमौर।







