धीरज चोपड़ा। पांवटा साहिब
हिमाचल की बेटी और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के समर्थन में हिमाचल भाजपा द्वारा चलाए गए हस्ताक्षर अभियान की मुहिम का ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी व खाद्य आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर भी हिस्सा बने।
जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा की देखरेख में हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने के लिए सैकड़ों भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं व समर्थकों का सहारा मिला।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कंगना रनौत के समर्थन में कहा कि जिस प्रकार से शिवसेना सरकार ने कंगना का घर महाराष्ट्र में तोड़ा है, वह पूर्ण रूप से गलत है और सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है।
इस दौरान खाद्य आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि कंगना रनौत बनाम महाराष्ट्र सरकार का मुद्दा लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अब न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि देश के कई हिस्सों में कंगना रनौत के समर्थन में रैलियां निकाली जा रही हैं व महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया जा रहा है।