नाहन । हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना कुल्हाल पुल पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पांवटा साहिब की ओर से जा रही तेज रफ्तार क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीनों युवकों की जान चली गई। मृतकों में सिरमौर के शिलाई के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली के युवक शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 10:35 बजे यमुना नदी पर बने यमुना कुल्हाल पुल पर हुआ। पांवटा साहिब की ओर से जा रही क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर के बाद कार में सवार युवक बुरी तरह फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुल पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
शिलाई, मुजफ्फरनगर और ग्रेटर नोएडा के थे मृतक
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं जिनमें तरसेम सिंह (32) पुत्र अतर सिंह, निवासी शिलाई, जिला सिरमौर; अमित कुमार (37) पुत्र महाकर सिंह, निवासी शांति नगर, भोपा रोड, नई मंडी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश; सोनू पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी नगला हुकम सिंह, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली के तौर पर हुई। एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस के अनुसार रविवार को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की सूचना संबंधित परिवारों को दे दी गई है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
ट्रक को लेकर भी पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने हादसे के संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना में शामिल ट्रक की भूमिका क्या रही। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
एसपी सिरमौर ने की तीन मौतों की पुष्टि
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने यमुना कुल्हाल पुल पर हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।








