प्रवेश शर्मा। परागपुर
परागपुर के पूर्व विधायक नवीन धीमान की पत्नी इंदु धीमान के नगर पंचायत अंब के वार्ड नंबर- 9 से विजयी रहने से परागपुर में सबसे ज्यादा सोशल मीडिया पर बधाइयों का दौर हुआ शुरू हो गया।
नवीन धीमान जो कि पूर्व में परागपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे, लेकिन पुनर्सीमांकन के बाद जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के अस्तित्व में आ जाने से नवीन धीमान की बजाय भाजपा ने बिक्रम ठाकुर में अपनी आस्था जताई थी।
धीमान परिवार ने परागपुर विधानसभा क्षेत्र को पूर्व में 3 विधायक स्व. वीरेंद्र धीमान, निर्मला धीमान व नवीन धीमान दिए हैं, लेकिन उभरते हुए युवा विधायक को भाजपा हाईकमान के रवैये के चलते एकांतवास में जाना पड़ा और नवीन धीमान ने चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंब को अपना कर्म क्षेत्र बना लिया।
अब एकाएक उनकी पत्नी का अंब नगर पंचायत से जीतना पुनः नवीन धीमान के राजनीतिक एकांतवास को तोड़ सकता है। इस जीत से जसवां परागपुर व चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के कुछ दिग्गज नेताओं की चिंताएं जरूर बढ़ गई हैं, क्योंकि नवीन धीमान ईमानदार छवि के होने के साथ युवा नेता हैं और वह मझे हुए वक्ता भी हैं।
उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी नजदीकियां अपने पिता पूर्व विधायक वीरेंद्र धीमान के समय से हैं। ऐसे में यह देखना भी बड़ा ही रोचक होने वाला है कि भविष्य में नवीन धीमान को लेकर भाजपा हाईकमान क्या फैसला लेती है, क्योंकि उनकी पत्नी की जीत ने नवीन की डूबी हुई राजनीति को नई संजीवनी तो दे दी है, वहीं कई नेताओं की परेशानी भी बढ़ा दी है।